राष्ट्रपति चुनाव में वोट के लिए भाजपा द्वारा प्रलोभन देने का आरोप के मामले में मध्यप्रदेश के गृहमंत्री व भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा ने कमल नाथ पर तंज किया है। उन्होंने कहा कि लगता है कि कमल नाथ ने अपने विधायकों को ट्रेनिंग नहीं दी, इसलिए वे अलग-अलग भाव बता रहे हैं। उन्हें ट्रेनिंग देनी चाहिए थी कि एक ही भाव बोलो। दूसरी बात यह कि जब ये सत्ता में थे, तब कह रहे थे कि हमारे विधायक खरीदे जा रहे हैं। विपक्ष में आ गए, तब भी यही कहे जा रहे हैं। कमल नाथ जी ने विधायकों पर ‘फार सेल’ का टैग लगा दिया है। इतना ही नहीं, यशवंत सिन्हा से भी कहलवा दिया। बता दें कि, विपक्ष की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के साथ गुरुवार को कांग्रेस विधायकों की बैठक में पूर्व मंत्री उमंग सिंघार समेत दो कांग्रेस विधायकों ने राष्ट्रपति चुनाव में वोट के लिए भाजपा द्वारा प्रलोभन देने का आरोप लगाया था।
झूठ और फरेब की राजनीति करने वाले कमलनाथ जी ने अपने विधायकों पर फॉर सेल का टैग लगा दिया है।
कमलनाथ जी से अपना घर नहीं संभल रहा है इसलिए वह दूसरों पर झूठे आरोप लगा रहे हैं।@OfficeOfKNath pic.twitter.com/7hpHcDxmm6
— Dr Narottam Mishra (@drnarottammisra) July 15, 2022
इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ ने भी भाजपा के खिलाफ तीखी टिप्पणियां की थीं। नरोत्तम मिश्रा ने आगे कहा कि भाजपा को उनके विधायक तोड़ने या खरीदने की क्या जरूरत है। राजग की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू जी 100 प्रतिशत जीतने वाली हैं। यशवंत सिन्हा जी 100 परसेंट हारने वाले हैं। ये बात स्पष्ट दिख रही है। कमल नाथ जी अपना घर तो संभाल नहीं पा रहे। वह न भूलें कि वे उसी पार्टी के अध्यक्ष हैं जिनके नेतृत्व में 32 विधायक पार्टी छोड़कर चले गए। कांग्रेस आखिर कब तक झूठ और फरेब की राजनीति करेगी।